राँची पुलिस का डबल एक्शन:अफीम तस्कर और शूटर गिरफ्तार, 4.3 किलो अफीम, हथियार और कारतूस बरामद

 

राँची।राजधानी राँची के नामकुम थाना पुलिस ने लगातार दो बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार और अपराध जगत पर एक साथ करारा प्रहार किया है। एक ओर पुलिस ने 4.305 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर सामलौंग गोलीकांड के फरार आरोपी को लोडेड देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ दबोच लिया। दोनों मामलों में अलग-अलग कांड दर्ज कर आगे की जांच तेज कर दी गई है।

अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नामकुम पुलिस ने राँची-टाटा रोड पर राईसा नदी के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक पैशन प्रो बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सनिका मुण्डा (40 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसकी बाइक में टंगे झोले से 4.305 किलोग्राम अवैध अफीम, एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल (JH01CG-8272) और नोकिया का की-पैड मोबाइल बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की थी और उसी से निकाली गई अफीम को पहले भी कई बार बेचा था। इस बार वह रामपुर में एक ग्राहक को बेचने जा रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

गोलीकांड का फरार आरोपी हथियार के साथ दबोचा गया

दूसरी कार्रवाई में नामकुम थाना पुलिस ने कुटियातु स्थित आर्मी ग्राउंड के पास छापेमारी कर मो. खालिद उर्फ खालिद बंगाली उर्फ चुजा (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। तलाशी में उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 10 जून को मौलाना आजाद कॉलोनी सामलौंग स्थित अराफात अपार्टमेंट के पास मो. शमसेर आलम पर हुई फायरिंग में अपने साथियों के साथ मिलकर गोली चलाई थी। पुलिस के अनुसार यह हमला पुराने जमीनी विवाद और रंजिश का बदला लेने के उद्देश्य से किया गया था।

पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मो. खालिद पहले भी आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों में आरोपित रह चुका है। सामलौंग गोलीकांड में उसके दो सहयोगियों सद्दाम उर्फ टीपू और मो. इरशाद आलम को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

अपराध और नशे के खिलाफ अभियान तेज

नामकुम पुलिस की इन दो लगातार कार्रवाइयों को अपराध और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

error: Content is protected !!