डायन-बिसाही के शक में खूनी तांडव: जेठ ने कुल्हाड़ी से गर्भवती बहू और 8 साल की मासूम भतीजी को काट डाला,पुलिस ने आरोपी को दबोचा..

चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में अंधविश्वास में एक हंसते-खेलते परिवार को पल भर में उजाड़ कर रख दिया। मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो गांव में शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके की रूह कपा दी। एक कलयुगी जेठ ने डायन बिसाही के शक और आपसी खुन्नस में अपने ही छोटे भाई की गर्भवती पत्नी और उसकी 8 साल की मासूम बेटी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी।

थाली में धरा रह गया निवाला, मासूम पर टूट पड़ा ‘जल्लाद’

​दिल को दहला देने वाली इस वारदात की शुरुआत शनिवार दोपहर को हुई। मृतका की 8 वर्षीय बेटी शर्मिला बिरूवा स्कूल से लौटकर घर के पास बैठकर खाना खा रही थी। तभी उसका सगा ताऊ (बड़ा पापा) रमाये बिरूवा नशे में धुत होकर हाथ में कुल्हाड़ी लहराते हुए वहाँ पहुँचा।बिना कुछ सोचे-समझे उसने मासूम बच्ची के सिर और कनपटी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। बच्ची की चीखें सुनकर उसकी गर्भवती माँ ननिका बिरूवा अपनी कलेजे के टुकड़े को बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन खून के प्यासे हो चुके रमाये ने उसे भी नहीं बख्शा। उसने ननिका की गर्दन और सिर पर कुल्हाड़ी से तब तक वार किए, जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं। माँ-बेटी ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। बाकी बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई।

“मैं बैल चराने गया था। जब लौटकर आया तो देखा कि मेरी पत्नी और बेटी खून से लथपथ ज़मीन पर पड़ी थीं। मेरा तो सब कुछ खत्म हो गया…”— दोकोल सिंह बिरूवा (पीड़ित पति/पिता)

​नि:संतान होने का गुस्सा और अंधविश्वास का खेल

​बताया जा रहा है कि आरोपी रमाये बिरूवा की शादी को 5 साल हो चुके हैं, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं है। वह अक्सर नशे में रहता था और अपनी पत्नी से मारपीट करता था। जब उसकी पत्नी डरकर अपने देवर-देवरानी के घर छिप जाती, तो रमाये को लगता था कि ये लोग उसकी पत्नी को भड़का रहे हैं। इसी खुन्नस और डायन बिसाही के शक में उसने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दे डाला।

​तड़के 3 बजे दबोचा गया कातिल

​वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रमाये बिरूवा जंगल की तरफ फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। रविवार भोर में करीब 3 बजे जैसे ही हत्यारा छिपते-छिपाते अपने घर लौटा, पहले से जाल बिछाकर बैठी मंझारी थाना पुलिस ने उसे धर दबोचा।

​पुलिसिया कार्रवाई और गाँव में मातम

​घटना के बाद से पूरे गाँव में सन्नाटा पसरा हुआ है। रविवार को डॉक्टरों की टीम ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। पीड़ित दोकोल सिंह और उसके तीन छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​”मामला डायन बिसाही और आपसी विवाद से जुड़ा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।”— दिलीप सहाय मांझी, थाना प्रभारी (मंझारी)

error: Content is protected !!