सुरक्षा की कमान संभालते-संभालते दिखाया तलवार का हुनर, छा गईं इंस्पेक्टर दीपिका प्रसाद

 

राँची।राजधानी राँची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को मुहर्रम का जुलूस पूरी श्रद्धा, परंपरा और सौहार्दपूर्ण माहौल में निकाला गया। राँची में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हिंदपीढ़ी, लोअर बाजार, कांटाटोली, डोरंडा,बरियातु सहित विभिन्न इलाकों से जुलूस निकला। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे झंडों, ताशों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच युवाओं ने लाठी खेल, तलवारबाजी और अन्य पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया।अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने शहर को कई जोन और सेक्टर में बांटकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी, रैपिड एक्शन फोर्स और जिला बल के जवान तैनात रहे। वहीं, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।

इसी दौरान राँची डोरंडा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दीपिका प्रसाद का एक अलग ही अंदाज़ देखने को मिला। कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने के साथ उन्होंने पारंपरिक तलवारबाजी का प्रदर्शन कर लोगों का दिल जीत लिया। तलवार हाथ में आते ही उनकी फुर्ती, आत्मविश्वास और शानदार संतुलन ने वहां मौजूद महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्गों को रोमांचित कर दिया। उनका यह प्रदर्शन जुलूस और अखाड़ों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।
स्थानीय लोगों ने कहा कि थाना प्रभारी ने सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर ढंग से संभाला ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त कर पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल का संदेश भी दिया।

पुलिस प्रशासन की सतर्कता, स्थानीय समितियों के सहयोग और आम लोगों की सहभागिता से राजधानी समेत पूरे राज्य में मुहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया जा रहा है। वहीं, इंस्पेक्टर दीपिका प्रसाद की तलवारबाजी इस बार के मोहर्रम की सबसे चर्चित झलक बनकर उभरी।

error: Content is protected !!