नशेड़ी बेटे के सिर पर सवार हुआ खून, टोकने पर पिता को टांगी से काटा..मचा हड़कंप..

बोकारो।रिश्तों का कत्ल, ममता की तौहीन और एक ऐसा खूनी खेल जिसने पूरे बोकारो को दहला कर रख दिया है। गोमिया प्रखंड के तिलैया पंचायत अंतर्गत लुगू पहाड़ की वादियों में बसा कारीपानी गांव शुक्रवार की रात एक ऐसी चीख से गूंज उठा, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया। एक नशेड़ी बेटे ने अपनी ही पैदाइश का कर्ज इस तरह चुकाया कि सुनने वालों की रूह कांप गई। शराब के नशे में धुत्त 30 साल के हैवान बेटे अर्जुन करमाली ने अपने ही 63 वर्षीय बूढ़े पिता जयलाल करमाली के सिर पर टांगी से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
इस खूनी वारदात की शुरुआत महज एक मामूली सी डांट से हुई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी अर्जुन करमाली शुक्रवार की देर रात अपने मामा के घर से किसी कार्यक्रम से लौटा था। वह शराब के नशे में इस कदर धुत था कि उसे अपने अच्छे-बुरे का कोई होश नहीं था। बेटे की इस बर्बादी को देखकर बूढ़े पिता का दिल पसीज गया और उन्होंने उसे फटकार लगा दी। पिता जयलाल ने बस इतना ही कहा था कि तुम्हारी इस लत ने पूरे घर को नरक बना दिया है, तुम्हारी मारपीट से तंग आकर पत्नी भी मायके भाग चुकी है, अब तो सुधर जाओ! लेकिन सुधरने के बजाय कलयुगी बेटे के सिर पर खून सवार हो गया। पिता की नसीहत उसे काल बनकर चुभी और उसने आव देखा न ताव, घर में रखी धारदार टांगी उठाकर अपने ही पिता के सिर पर दे मारी। वार इतना जोरदार और बेरहम था कि जयलाल करमाली की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई और घर का आंगन पिता के खून से लाल हो गया।
इस खूनी मंजर को देखकर पूरे गांव में कोहराम मच गया। हालांकि, ग्रामीणों ने गजब का हौसला दिखाया और भागने की फिराक में लगे हत्यारे बेटे अर्जुन को दबोच लिया। ग्रामीणों ने उसे रस्सी से बांधकर घर में ही कैद कर दिया और तुरंत जगेश्वर बिहार थाना पुलिस को इसकी इत्तला दी। खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी प्रकाश यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और कलयुगी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने खून से सनी उस टांगी को भी बरामद कर लिया है जिससे इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया था। शनिवार सुबह जब तिलैया पंचायत की मुखिया चिंता देवी मौके पर पहुंचीं, तो उन्होंने भी इस घटना पर गहरा दुख और आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि नशे की यह बीमारी अब परिवारों को लील रही है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जेल की सलाखों के पीछे बंद हत्यारे बेटे से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस कलयुगी बेटे को फांसी की सजा देने की मांग कर रहा है।

