तमिलनाडु से घर लौट रही महिला रहस्यमय ढंग से लापता, राँची पहुंची ट्रेन…लेकिन नहीं मिली प्रियंका

गुमला/राँची।तमिलनाडु से अपने घर लौट रही झारखण्ड की एक महिला के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। गुमला जिले के सतपारा-घटगांव निवासी प्रियंका कुमारी ट्रेन से राँची के लिए रवाना हुई थीं, लेकिन ट्रेन अपने गंतव्य तक पहुंच गई और प्रियंका का कहीं कोई पता नहीं चला। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, गुमला थाना क्षेत्र के सतपारा-घटगांव निवासी कमल खेरवार की पत्नी प्रियंका कुमारी 24 जून 2026 को तमिलनाडु के इरोड स्टेशन से ट्रेन संख्या 13352 में सवार होकर राँची के लिए निकली थीं। यात्रा के दौरान 25 जून की शाम तक पति से उनकी लगातार मोबाइल पर बातचीत होती रही। अंतिम बार शाम करीब 5:28 बजे विजयवाड़ा स्टेशन के पास प्रियंका से बात हुई। उन्होंने बताया कि वह सुरक्षित हैं और ट्रेन में सफर कर रही हैं।इसके कुछ ही देर बाद उनका मोबाइल अचानक बंद हो गया। इसके बाद परिवार उनसे संपर्क नहीं कर सका।
26 जून को ट्रेन के निर्धारित समय पर राँची रेलवे स्टेशन पहुंचने की सूचना मिलने पर कमल खेरवार अपने परिजनों के साथ स्टेशन पहुंचे और घंटों इंतजार किया, लेकिन प्रियंका ट्रेन से नहीं उतरीं। परिजनों ने कोच और स्टेशन परिसर में काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
बताया गया है कि प्रियंका का टिकट इरोड से राँची तक का था। वह बी-1 कोच की सीट संख्या 64 पर यात्रा कर रही थीं। उनके अचानक लापता होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।घटना के बाद कमल खेरवार ने गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर पत्नी का जल्द पता लगाने और मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है और यात्रा से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। परिवार को उम्मीद है कि प्रियंका सकुशल मिल जाएंगी।

