रेलवे ट्रैक के किनारे मिली युवक की लाश,पहचान का इंतजार; हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

 

राँची।जिले के सिल्ली प्रखंड स्थित मुरी ओपी क्षेत्र में शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव जोबला रेलवे फाटक के समीप मुरी-सिल्ली रेलखंड की डाउन लाइन पर किलोमीटर संख्या 356/20-22 के पास पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मुरी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, राँची भेज दिया।समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। युवक की शिनाख्त कराने के लिए पुलिस सोशल मीडिया का सहारा ले रही है। विभिन्न प्लेटफॉर्म पर शव की तस्वीर साझा कर आम लोगों से पहचान कराने में सहयोग की अपील की गई है।मुरी ओपी पुलिस आसपास के गांवों के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि मृतक की पहचान और घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही युवक के राँची आने, यात्रा और मौत की परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी।

प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण हुई हो सकती है। हालांकि अधिकारी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।

मुरी ओपी प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!