रामगढ़:सिरका सीसीएल चेकपोस्ट पर अपराधियों का तांडव, ‘आजाद सरकार’ ने ली हमले की जिम्मेदारी

रामगढ़।​झारखण्ड के रामगढ़ जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरका स्थित सीसीएल चेकपोस्ट पर सुबह-सुबह अपराधियों द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस अचानक हुए हमले में वहां ड्यूटी पर तैनात सीसीएल सुरक्षाकर्मी अनिल डोम और होमगार्ड के जवान चरवा उरांव बाल-बाल बच गए। घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ के डीएसपी और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए वहां बिखरे शीशे के टुकड़े, दीवारों पर गोली के निशान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही अपराधियों का सुराग लगाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

​चश्मदीदों के अनुसार, इस वारदात को बाइक सवार दो अपराधियों ने अंजाम दिया। इनमें से एक अपराधी ने अपने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था और उसने ही चेकपोस्ट को निशाना बनाकर फायरिंग की, जबकि उसका दूसरा साथी गिद्दी-नईसराय मुख्य सड़क पर मोटरसाइकिल स्टार्ट कर खड़ा था। गोलीबारी करने के बाद दोनों अपराधी तेजी से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। भागने के दौरान भी उनके द्वारा दहशत फैलाने के उद्देश्य से सड़क पर एक हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।

गोली चलाने के बाद अपराधियों ने वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों को बेहद कड़े लहजे में धमकी दी। अपराधियों ने चिल्लाकर कहा कि अपने मालिक से बोल देना कि मैनेज करके चलेगा।” इस धमकी भरे संदेश से साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस वारदात के पीछे किसी बड़े आपराधिक गिरोह द्वारा रंगदारी  वसूलने या लेवी  के लिए दबाव बनाने की साजिश है।इसके तुरंत बाद अपराधियों ने एक राउंड हवाई फायरिंग की और हथियार लहराते हुए तेजी से फरार हो गए।

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि सिरका क्षेत्र में इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इस इलाके में लेवी यानी रंगदारी वसूली को लेकर अपराधियों द्वारा गोलीबारी करने और पर्चे छोड़कर दहशत फैलाने के मामले दर्ज हो चुके हैं। पूर्व में यहां राहुल दुबे गैंग के नाम से भी ऐसी ही हिंसक वारदातें सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थानीय व्यवसायियों और सीसीएल कर्मियों के बीच हमेशा भय का माहौल रहता है।

​इसी बीच, इस वारदात के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर एक कथित प्रेस रिलीज तेजी से वायरल होने लगी, जिसने पुलिस और प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है। इस वायरल संदेश में खुद को “आजाद सरकार (राहुल सिंह गैंग)” बताने वाले एक आपराधिक संगठन ने सिरका चेकपोस्ट पर हुई गोलीबारी की पूरी जिम्मेदारी ली है। वायरल पत्र में सीधे तौर पर परियोजना प्रबंधन को चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि सिरका कोल परियोजना के जीएम ऑफिस के बगल में सुबह साढ़े पांच बजे जो गोलीबारी हुई है, उसकी पूरी जिम्मेदारी आजाद सरकार लेता है। संदेश में आगे धमकी भरे लहजे में कहा गया है कि अगर उनके कॉल को इग्नोर किया गया, तो प्रबंधन अपनी सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम कर ले, क्योंकि बिना मैनेज किए काम करने का अंजाम जल्द ही भुगतना पड़ेगा।

 

फिलहाल, रामगढ़ जिला पुलिस इस पूरे मामले को लेवी वसूली के एंगल से जोड़कर देख रही है और वायरल हो रहे इस धमकी भरे संदेश की तकनीकी जांच के साथ-साथ अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

error: Content is protected !!