साइबर अपराधियों का झारखण्ड में फैला जाल, 16 हजार से अधिक सिम ठगी के लिए सक्रिय…

 

राँची।झारखण्ड में साइबर अपराधियों का जाल फैलता जा रहा है। राज्य में साइबर अपराधियों का 16 हजार से अधिक सिम सक्रिय हैं। इन्हें अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की ओर से जारी प्रतिबिंब एप ने चिन्हित किया है। इन सिम के जरिए साइबर अपराधी लगातार लोगों को ठगी का शिकार बना रहे है। हालांकि, प्रतिबिंब एप के जरिए महज 5 महीने में राज्यभर से 822 साइबर अपराधियों को पकड़ा गया है। यह सबसे बड़ी उपलब्धि है। राज्य भर से प्रतिबिंब एप के जरिए ही 1825 मोबाइल और 2748 सिम भी इन साइबर अपराधियों के पास से अब तक जब्त िकए जा चुके हैं। सीआईडी के डीजी अनुराग गुप्ता ने कहा कि प्रतिबिंब एप के जरिए झारखण्ड में महज पांच माह में बड़ी संख्या में साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है। इस एप के जरिए साइबर अपराधियों का पता रीयल टाइम चल रहा है।

राज्य का छह जिला साइबर अपराधियों का बना अड्डा

राज्य के पांच जिलों में साइबर अपराधियों का सिम सबसे अधिक सक्रिय है। इनमें राँची सहित देवघर, जामताड़ा, दुमका, धनबाद और गिरिडीह जिला शामिल है। पिछले साल तक साइबर अपराधियों के लिए देश भर में जामताड़ा सबसे चर्चित था। लेकिन अब साइबर अपराधियों ने जामताड़ा को छोड़ देवघर अपना नया अड्डा बना लिया है, जहां से साइबर अपराध ज्यादा हो रहे है। हालांकि सबसे अधिक साइबर अपराधी भी देवघर जिले से ही पकड़े जा रहे है।

इन जिलों में हैं सबसे ज्यादा सक्रिय सिम

जिला  सक्रिय सिम  गिरफ्तारी
देवघर 9788 363
जामताड़ा 2725 120
दुमका 1716 13
धनबाद 614 23
गिरिडीह 518 173
राँची 497 06

मालदा से लाते साइबर अपराधी सबसे अधिक सिम

साइबर अपराधी सबसे अधिक पश्चिम बंगाल के मालदा से सिम लाकर साइबर ठगी के काम में लगे हुए है। इन सिम का इस्तेमाल वे खुले स्थान या जंगल-झाड़ में जाकर करते हैं, ताकि पुलिस जब उनका लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश करे तो उन्हें सही जगह का पता नहीं मिल सके। प्रतिबिंब सीआईडी का ऐसा एप है, जिसमें साइबर अपराधियों के सिम का रीयल टाइम स्टेटस मिलता है। इसके आधार पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है और साइबर अपराधी पकड़े जाते हैं।

देवघर एसपी के नेतृत्व में सबसे अधिक गिरफ्तारी और जब्ती

साइबर अपराधियों ने जिस तरह जामताड़ा को छोड़ अपना नया अड्डा देवघर को बनाया है, उसी तेजी से देवघर पुलिस ने कार्रवाई भी की है। देवघर एसपी के नेतृत्व में महज पांच माह में 363 साइबर अपराधी गिरफ्तार हुए हैं। 829 सिम जब्त किए गए हैं। इन साइबर अपराधियों के पास से 556 मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।

बीते 6 दिन में 34 साइबर अपराधियों की हुई गिरफ्तारी

देवघर एसपी के निर्देष पर साइबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में बीते 6 दिनों में 34 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हुई। इनकी गिरफ्तारी देवघर जिले के मोहनपुर, खागा, करौ, बुढई और सारवां थाना सहित कई क्षेत्र से की गई।