मुहर्रम की खुशियां मातम में बदलीं: चतरा में चाकूबाजी, 17 वर्षीय किशोर की मौत, चाचा गंभीर

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोढ़ाई गांव में मुहर्रम जुलूस समाप्त होने के कुछ ही देर बाद हुई चाकूबाजी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस हमले में 17 वर्षीय मो. शाहजहां की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके चाचा मो. साबिर गंभीर रूप से घायल हैं और राँची के रिम्स में इलाजरत हैं। घटना के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि मुहर्रम जुलूस समाप्त होने के बाद कुछ युवक मो. साबिर के घर पहुंचे और उन पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर भतीजा मो. शाहजहां मौके पर पहुंचा और हमलावरों से हमले की वजह पूछी। इसी दौरान आरोपियों ने शाहजहां पर भी ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिया।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल चतरा लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हजारीबाग रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शाहजहां ने दम तोड़ दिया। वहीं मो. साबिर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स,राँची भेजा गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पहले बच्चों के बीच हुए विवाद और मारपीट को लेकर दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था। मामले को लेकर पंचायत भी हुई थी, लेकिन माना जा रहा है कि उसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
मृतक शाहजहां छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सैलून का काम करता था। मुहर्रम के मौके पर वह परिवार के साथ त्योहार मनाने गांव आया था, लेकिन खुशियों का यह अवसर कुछ ही देर में मातम में बदल गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है।

