बंद पत्थर खदान में तैरता मिला अज्ञात महिला का शव, हत्या की आशंका से इलाके में हड़कंप
चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत नावाडीह पनारी पंचायत के जाजलो बाजार स्थित वर्षों से बंद पड़े पत्थर खदान से शुक्रवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह जब लोग दैनिक कार्य के लिए खदान के पास पहुंचे तो पानी में एक महिला का शव तैरता दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना हंटरगंज थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चतरा भेज दिया। साथ ही महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों में भी सूचना प्रसारित की गई है।
प्रथम दृष्टया ग्रामीणों का मानना है कि महिला की हत्या कर शव को दो-तीन दिन पहले बंद खदान में फेंका गया होगा। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव बुरी तरह फूल चुका है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
गौरतलब है कि यह पत्थर खदान करीब 20 वर्षों से बंद है और उसमें पानी भरा हुआ है। चूंकि घटनास्थल बिहार-झारखण्ड सीमा के नजदीक स्थित है, इसलिए यह आशंका भी जताई जा रही है कि अपराधियों ने वारदात कहीं और अंजाम देकर शव को यहां लाकर ठिकाने लगाया हो।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की पहचान और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही हो सकेगा।

