साइकिल सवार मजदूर की सड़क हादसे में मौत, मुआवजे की मांग पर जीटी रोड घंटों जाम
हजारीबाग।जिले के चौपारण में जीटी रोड स्थित झारखण्ड ग्रामीण बैंक के समीप शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल से काम पर जा रहे मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बजरंग टोला निवासी चेतलाल साव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, चेतलाल साव रोज़ की तरह साइकिल से दैनिक मजदूरी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर जीटी रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
जाम के कारण जीटी रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन घंटों फंसे रहे, जबकि यात्री बसों में सफर कर रहे लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए थे और सड़क जाम जारी था।

