देवघर में चालान फेल होने के बाद भी धड़ल्ले से हो रहा था गिट्टी का परिवहन, दो हाइवा जब्त, 7 लाख जुर्माना

देवघर। चालान की वैधता समाप्त होने के बाद भी गिट्टी का परिवहन करना दो हाइवा मालिकों को भारी पड़ गया। खनन विभाग की टीम ने देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र में जांच के दौरान गिट्टी लदे दो हाइवा पकड़े। दोनों वाहनों से कुल सात लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई 14 अक्टूबर को की गई।

जानकारी के अनुसार, खनन विभाग की टीम गिट्टी लदे वाहनों के परिवहन संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दोनों हाइवा में लदी गिट्टी के चालान वैध नहीं पाए गए। इसके बावजूद वाहनों से गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था। अनियमितता सामने आने के बाद विभाग ने दोनों वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात लाख रुपये जुर्माना वसूला।

कार्रवाई का नेतृत्व माइनिंग इंस्पेक्टर आकाश कुमार सिंह ने किया। जांच के बाद दोनों हाइवा को सुरक्षा के दृष्टिकोण से कुंडा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।खनन विभाग की इस कार्रवाई से गिट्टी समेत अन्य खनिजों का परिवहन करने वाले वाहन संचालकों में हड़कंप है। विभाग की ओर से खनिज परिवहन में वैध चालान और आवश्यक दस्तावेजों की जांच पर जोर दिया जा रहा है।

 

error: Content is protected !!