चोरी हुई नई ‘थार रॉक्स’ जीपीएस ट्रैकर से बरामद की गई ! ग्रामीणों ने दो चोरों को पकड़कर पुलिस को सौंपा…जांच में जुटी है पुलिस..

 

रामगढ़/दुलमी।अपराधियों और वाहन चोरों के लिए आधुनिक तकनीक अब काल साबित हो रही है। ऐसा ही एक ताजा मामला गिरिडीह और रामगढ़ जिले से सामने आया है। गिरिडीह से एक चमचमाती ब्लैक कलर की नई महिंद्रा थार रॉक्स जीप चोरी कर भाग रहे दो शातिर चोरों को रामगढ़ के दुलमी प्रखंड में दबोच लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को गिरिडीह पुलिस की त्वरित सूचना और वाहन में लगे हाईटेक जीपीएस (GPS) सिस्टम की मदद से अंजाम दिया गया।

क्या है पूरा मामला?
​दुलमी के स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने गिरिडीह इलाके से एक बिल्कुल नई महिंद्रा थार गाड़ी की चोरी की थी। चोरी करने के बाद दोनों युवक गाड़ी को लेकर तेजी से भाग रहे थे। हालांकि, वे इस बात से पूरी तरह अनजान थे कि गाड़ी में एक्टिव जीपीएस ट्रैकर लगा हुआ है।जैसे ही गाड़ी के मालिक को चोरी की भनक लगी, उन्होंने गिरिडीह पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने जीपीएस लोकेशन को ट्रैक करना शुरू किया, जिससे पता चला कि गाड़ी रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड की ओर जा रही है। गिरिडीह पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना संबंधित थाना और दुलमी क्षेत्र के लोगों को दी।

हाई स्कूल के पीछे छुपाने की कोशिश, ग्रामीणों ने घेरा:
​प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, चोरों को जब यह महसूस हुआ कि पुलिस उनका पीछा कर रही है, तो उन्होंने गाड़ी को छुपाने का प्रयास किया। वे गाड़ी को दुलमी प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित राजकिशोर सिंह हाई स्कूल के पीछे झाड़ियों के पास खड़ी कर भागने की फिराक में थे।

लेकिन मुस्तैद ग्रामीणों ने पहले से मिली सूचना के आधार पर तत्परता दिखाई और घेराबंदी कर मौके से ही दो युवकों को धर दबोचा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी और दोनों चोरों को पुलिस के हवाले कर दिया।

वाहन में नहीं लगा था नंबर प्लेट, पुलिस कर रही पूछताछ:
​पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों को हिरासत में ले लिया है और उन्हें राजरप्पा थाने ले जाकर कड़ी पूछताछ कर रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पकड़ी गई थार गाड़ी बिल्कुल नई है। गाड़ी पर अभी तक कोई स्थाई नंबर प्लेट भी नहीं लगा है, बल्कि फ्रंट बंपर पर कंपनी का स्टीकर और बारकोड लगा हुआ दिखाई दे रहा है।

प्रत्यक्षदर्शी का बयान: चोरों ने गाड़ी को स्कूल के पीछे झाड़ियों के पास छुपाया था। पुलिस चोरों को पकड़कर थाने ले जा चुकी है, लेकिन वाहन फिलहाल अभी भी घटना स्थल पर ही सुरक्षित खड़ा है। गाड़ी देखकर साफ लग रहा है कि यह कुछ ही दिन पहले शोरूम से निकली है।

​इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस अब इस अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद इस मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।हालांकि इस मामले में रजरप्पा थाना की पुलिस ने कुछ भी बताने से इनकार कर दी है।पुलिस ने कहा कि मामला चोरी का है या कुछ और है जांच के बाद ही बताया जाएगा।

रिपोर्ट:अवनिकान्त विवेक,दुलमी, रामगढ़

error: Content is protected !!