तुपुदाना हत्याकांड:महिला की हत्या मामले में कथित प्रेमी सहित तीन गिरफ्तार, पुलिस जल्द करेगी सनसनीखेज खुलासा..

​राँची।राजधानी राँची के तुपुदाना क्षेत्र में सोहराई पहाड़ के पास सड़क किनारे मिली एक महिला की क्षत-विक्षत लाश के मामले में राँची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।पुलिस कांड संख्या-136/26 की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस की स्पेशल टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश कर दिया है।पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे गुप्त ठिकानों पर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

​पुलिस सूत्रों से मिली बेहद पुख्ता जानकारी के मुताबिक, इस अंधेरे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को पहली बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने मृतिका के मोबाइल नंबर की सीडीआर और टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर सनसनीखेज हत्याकांड खुलासे किए हैं।​पुलिस को कई ऐसे चौंकाने वाले सुराग मिले हैं, जिसने पूरी जांच की दिशा ही बदल दी है। सूत्रों का दावा है कि पुलिस ने इस वारदात में शामिल सभी दरिंदों की पहचान कर ली है और मुख्य आरोपी सहित कई पुलिस के हत्थे चढ़ गया है।जिसमें एक मृतिका के कथित प्रेमी शामिल है।मामले में राँची पुलिस सम्भवतः आज खुलासा कर सकती हैं

​बताया जाता है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी ने पुलिस की अलग-अलग स्पेशल टीमों को मैदान में उतारा है।कई संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी चल रही है।सबसे बड़ी कामयाबी यह है कि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई उस रहस्यमयी कार की पहचान कर लिया है। जिसमें बैठाकर महिला को ले जाया गया था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अगले कुछ घंटों में इस पूरी साजिश का आधिकारिक तौर पर भंडाफोड़ कर दिया जाएगा।

​क्या है यह रोंगटे खड़े कर देने वाली पूरी वारदात?​

मैं ट्रैफिक में अटकी हूँ…और बंद हो गया फोन

19 जून की दोपहर 12 बजे से जब महिला अपने घर नहीं लौटी, तो परेशान महिला के भाई ने उनके मोबाइल पर संपर्क साधा। कुछ देर बाद जब फोन उठा, तो महिला ने बेहद डरी-सहमी आवाज में कहा कि वह मंगलो के पास भीषण जाम में अटक गई हैं। जब भाई ने उनकी सटीक लोकेशन जाननी चाही, तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि वह दसमइल से आगे हैं।

कॉल पर आए अनजान लड़के और नो नेटवर्क का बहाना

बात करते-करते अचानक महिला का फोन एक अनजान लड़के ने ले लिया। उस लड़के ने अपना और अपने एक अन्य साथी का नाम बताते हुए कहा कि वे लोग हरदाग (दसमइल) के रहने वाले हैं और गाड़ी में कुल तीन लोग सवार हैं। जैसे ही भाई को कुछ अनहोनी का शक हुआ और उन्होंने गाड़ी का नंबर व लाइव लोकेशन मांगी, तो लड़के बहाने बनाने लगे कि गाड़ी का तेल खत्म हो गया है। इसके तुरंत बाद फोन बंद कर दिया गया।

​ पहाड़ के रास्ते पर मिली लाश, दहल उठा परिवार

20 जून को अगले दिन तक भी जब फोन चालू नहीं हुआ, तो थक-हारकर परिजनों ने अरगोड़ा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद 21 जून को तुपुदाना क्षेत्र के अंतर्गत सिरी सोहराई पहाड़ के सुनसान आम रास्ते पर एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही जब परिजन तुपुदाना पहुंचे और पुलिस द्वारा दिखाई गई तस्वीर देखी, तो उनकी चीख निकल गई। वह शव उनकी अपनी ही बहन का था, जिसे पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया था।

​परिजनों का सीधा आरोप,साजिश के तहत गैंगरेप के बाद हुई हत्या

​पीड़ित परिवार ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में उन अज्ञात लड़कों और उनके साथियों पर नामजद आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि महिला को एक सोची-समझी साजिश के तहत धोखे से जाल में फंसाया गया। दरिंदों ने पहले उनके साथ सामूहिक बलात्कार जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया और फिर पकड़े जाने के डर से उनकी बेरहमी से हत्या कर लाश को पहाड़ पर फेंक दिया।

​सीनियर पुलिस अधिकारी खुद कर रहे मॉनिटरिंग

​इस सनसनीखेज वारदात के बाद राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। अपराधियों को दबोचने के लिए हटिया डीएसपी के नेतृत्व में एक संयुक्त स्पेशल टीम लगातार रेड कर रही है।

error: Content is protected !!