Ranchi:कांची नदी के बालू में दफन मिली लापता किशोरी की लाश, कुत्ते की खोदाई से खुला हत्या का राज..
राँची।जिले के कांची नदी के सुनसान किनारे बालू के नीचे छिपा एक खौफनाक राज मंगलवार सुबह उस वक्त सामने आया, जब एक कुत्ता लगातार बालू खोदता नजर आया। ग्रामीणों को शक हुआ तो वे पास पहुंचे। बालू हटाने पर जो दृश्य सामने आया, उसे देखकर हर कोई सन्न रह गया। वहां एक 17 वर्षीय किशोरी का शव दफन मिला।मामला राँची के दशम फॉल थाना क्षेत्र स्थित सारजमडीह गांव का है। शव की पहचान खूंटी जिले के मारांगहादा थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी के रूप में हुई, जो पिछले एक सप्ताह से लापता थी। प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद शव को पहचान छिपाने की नीयत से नदी किनारे बालू में दफनाने की आशंका जताई जा रही है।
कुत्ते ने खोला दफन शव का रहस्य:
ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार सुबह कुछ लोग नदी की ओर गए थे। तभी उनकी नजर एक कुत्ते पर पड़ी, जो बालू को तेजी से अपने पंजों से खोद रहा था। दुर्गंध आने पर लोगों का संदेह बढ़ा। पास जाकर देखा तो बालू के भीतर से मानव शरीर का हिस्सा दिखाई दिया। सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस को खबर दी गई।
एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने जुटाए सबूत:
सूचना मिलते ही दशम फॉल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। बाद में बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश,अंचलाधिकारी हंस हेंब्रम, थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम, तकनीकी विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू की गई।पुलिस जांच में पता चला कि किशोरी अपनी मां के साथ अड़की थाना क्षेत्र के बाड़ीगाड़ा गांव में मामा के घर रहती थी। परिजनों के अनुसार वह करीब एक सप्ताह पहले घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। सूचना मिलने पर मां घटनास्थल पहुंची और शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की।
गले और चेहरे पर मिले चोट के निशान:
शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है। पुलिस के अनुसार गले और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। जांच अधिकारियों का मानना है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को नदी किनारे बालू में दफनाकर फरार हो गए।
6-7 दिन पहले हत्या की आशंका:
बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि शव की स्थिति को देखते हुए किशोरी की हत्या करीब छह से सात दिन पहले किए जाने की संभावना है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार:
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

