साहिबगंज में सनसनी: आम के पेड़ से लटका मिला 25 वर्षीय युवक का शव, पिता की मौत के कुछ ही दिन बाद बेटे ने भी तोड़ा दम…
साहिबगंज।जिले के राधानगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। उधवा के उत्तर पलासगाछी पंचायत स्थित खट्टीटोला गांव में मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 25 वर्षीय युवक का शव घर के पीछे आम के पेड़ से फंदे पर लटकता हुआ पाया गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक की पहचान खट्टीटोला गांव निवासी स्वर्गीय नूर मोहम्मद के 25 वर्षीय पुत्र हबीब शेख के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह जब हबीब घर पर नहीं दिखा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान जब वे घर के पिछले हिस्से में गए, तो वहां का खौफनाक मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। हबीब का शव आम के पेड़ से फंदे के सहारे झूल रहा था। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक हबीब शेख बेहद शांत स्वभाव का युवक था। इस घटना ने पूरे गांव को इसलिए भी झकझोर कर रख दिया है क्योंकि कुछ ही दिन पहले ही हबीब के पिता नूर मोहम्मद की भी जहर खाने से मौत हो गई थी। पिता की मौत के गम से परिवार अभी उबरा भी नहीं था कि अब जवान बेटे की इस संदिग्ध मौत ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है। पूरे गांव में इस वक्त मातम का माहौल है।
”फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इसका सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।”— शशिकांत यादव, एसआई (राधानगर थाना)
घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना के एसआई शशिकांत यादव दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल भेज दिया गया है।
पिता की मौत के बाद हबीब की इस संदिग्ध स्थिति में मौत के पीछे क्या वजह है? क्या यह मानसिक तनाव में उठाया गया आत्मघाती कदम है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है? पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान का इंतजार कर रही है ताकि मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सके।

