जब वर्दी ने निभाया इंसानियत का फर्ज: थाना प्रभारी ने शव को कंधा देकर मिटाया अंधविश्वास

 

लोहरदगा। पुलिस की पहचान अक्सर कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था के रूप में होती है, लेकिन लोहरदगा के सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने अपने एक मानवीय कदम से यह साबित कर दिया कि वर्दी के भीतर संवेदनाओं से भरा एक इंसान भी होता है। उन्होंने न सिर्फ दो गांवों के बीच उपजे विवाद को शांत कराया, बल्कि स्वयं शव को कंधा देकर अंतिम संस्कार में सहयोग कर समाज को मानवता और सामाजिक सौहार्द का अनूठा संदेश दिया।मामला सेन्हा थाना क्षेत्र के अलौदी और पारही डांड़ी टोली गांव से जुड़ा है। पारही डांड़ी टोली के एक ग्रामीण की मृत्यु के बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान श्मशान घाट के उपयोग को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कुछ लोगों ने अंधविश्वास का हवाला देते हुए दूसरे गांव के शव के अंतिम संस्कार का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला तनावपूर्ण हो गया और मृतक के परिजन अंतिम संस्कार तक नहीं कर पा रहे थे।

थाना प्रभारी शव को कंधा देकर ले जाते

घटना की जानकारी मिलते ही सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक सुना और समझाया कि अंधविश्वास के आधार पर किसी मृतक के सम्मानजनक अंतिम संस्कार में बाधा डालना न तो उचित है और न ही मानवीय। काफी समझाने और बातचीत के बाद दोनों गांवों के लोग सहमत हुए और विवाद समाप्त हो गया।

लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। स्थिति सामान्य होने के बाद थाना प्रभारी ने एक ऐसी मिसाल पेश की, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। उन्होंने खुद शव को कंधा दिया और ग्रामीणों के साथ श्मशान घाट तक पहुंचे। उनकी मौजूदगी में मृतक का अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

गांव वालों को समझाते हुए थाना प्रभारी

थाना प्रभारी नीरज झा ने कहा कि अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। समाज को अंधविश्वास से ऊपर उठकर मानवता और सामाजिक सद्भाव को प्राथमिकता देनी चाहिए।

सेन्हा की यह घटना केवल एक विवाद सुलझाने की कहानी नहीं है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि संवाद, संवेदना और मानवीय सोच से बड़ी से बड़ी सामाजिक दूरी को भी कम किया जा सकता है। पुलिस की यह पहल लोगों के बीच भरोसा मजबूत करने के साथ-साथ समाज को यह सीख भी देती है कि किसी भी परिस्थिति में इंसानियत सबसे ऊपर होनी चाहिए।

error: Content is protected !!