शादी की खुशियां मातम में बदलीं: ट्रक की टक्कर से तीन भाई-बहनों की दर्दनाक मौत,परिवार में मचा कोहराम…
लोहरदगा।एक परिवार शादी समारोह की खुशियों में शामिल होने निकला था, लेकिन कुछ ही मिनटों में खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल गईं। लोहरदगा के मिशन चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार तीन भाई-बहनों को कुचल दिया, जिससे तीनों की जान चली गई।यह हादसा लोहरदगा-गुमला मुख्य पथ पर मिशन चौक के पास शुक्रवार देर रात हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बरवाटोली निवासी मुकेश साहू के पड़ोस में शादी समारोह आयोजित था। परिवार के सदस्य उसी समारोह में शामिल होने के लिए कृषि बाजार स्थित धर्मशाला जा रहे थे। स्कूटी पर सवार 28 वर्षीय रोहित साहू, उनकी विवाहित बहन 24 वर्षीय सपना कुमारी और 14 वर्षीय सृष्टि कुमारी रास्ते में थे, तभी मिशन चौक के पास गुमला की ओर से आ रहे एक सामान लदे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद स्कूटी और उस पर सवार तीनों भाई-बहन काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसा इतना भयावह था कि सपना और सृष्टि की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल रोहित को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।
इस दर्दनाक हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। सबसे मार्मिक बात यह है कि मृतक सपना कुमारी गर्भवती थी, जिससे एक साथ चार जिंदगियां खत्म होने की बात सामने आ रही है। मजदूरी कर परिवार चलाने वाले पिता मुकेश साहू के घर में अब शादी के गीतों की जगह मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।एक पल में उजड़ गया परिवार का संसार, जिस घर से शादी में शामिल होने के लिए हंसी-खुशी निकले थे तीन भाई-बहन, उसी घर में अब उनके लौटने का इंतजार हमेशा के लिए खत्म हो गया।

