कोयल नदी में डूबने से महिला की मौत, कपड़ा धोने गई थी नदी किनारे
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत डूको पीपरटोली गांव में बुधवार को एक महिला की कोयल नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान करीब 45 वर्षीय बुधनी उरांव के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, बुधनी उरांव बुधवार दोपहर घर से कपड़ा धोने के लिए कोयल नदी गई थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन के दौरान नदी किनारे उनके कपड़े और अन्य सामान पत्थर पर रखा मिला। इससे आशंका जताई गई कि कपड़ा धोने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गईं।इसी बीच नदी के आसपास मवेशी चरा रहे कुछ लोगों ने पानी में एक शव तैरता देखा। इसकी सूचना गांव वालों को दी गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ नदी किनारे जुट गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान बुधनी उरांव के रूप में की।घटना की सूचना मिलने पर घाघरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाना ले आई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।महिला की अचानक हुई मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

