धनबाद में ATM ठगी करने वाले बिहार के दो शातिर गिरफ्तार, कार्ड बदलकर खाते से उड़ाए 32,800 रुपये
धनबाद। धनबाद में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खाते से रुपये उड़ाने वाले बिहार के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सिटी सेंटर के पास स्थित एटीएम में छेड़छाड़ कर एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया और उसके खाते से 32,800 रुपये की निकासी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर धनबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के नवादा जिले के रहने वाले नितीश कुमार (26 वर्ष) और सौरभ कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 27 अक्टूबर 2026 की शाम करीब सात बजे की है। सिटी सेंटर के पास स्थित एटीएम से छेड़छाड़ कर ठगी करने के आरोप में दो व्यक्तियों को पकड़े जाने की सूचना मिलने पर धनबाद थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह एटीएम से रुपये निकालने गया था। इसी दौरान आरोपियों ने एटीएम मशीन में इस तरह छेड़छाड़ की थी कि कार्ड डालने और रुपये निकालने की प्रक्रिया में परेशानी हो रही थी।आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर दोनों ने शिकायतकर्ता को अपने जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने उसे बताया कि एटीएम मशीन से कार्ड निकालने के लिए एक खास प्रक्रिया अपनानी होगी। उनके झांसे में आकर पीड़ित ने अपने एटीएम कार्ड का गुप्त नंबर भी उनके सामने दर्ज कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने कार्ड से संबंधित जानकारी हासिल कर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित के मोबाइल पर शाम करीब 18:45 बजे 15,000 रुपये कटने का संदेश आया। इसके बाद शाम 18:59 बजे रानी सती ज्वेलर्स से 32,800 रुपये की निकासी का मैसेज प्राप्त हुआ। खाते से लगातार रकम निकलने की जानकारी मिलते ही पीड़ित घबरा गया और अपने जान-पहचान के लोगों के साथ सिटी सेंटर स्थित रानी सती ज्वेलर्स पहुंचा।वहां दुकानदार से 32,800 रुपये के लेनदेन के बारे में पूछताछ की गई। दुकानदार ने बताया कि दो व्यक्ति आए थे, जिनमें एक ने हाफ पैंट और दूसरे ने जींस पहन रखी थी। दोनों ने खरीदारी की थी और भुगतान किया था। इस जानकारी के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने शाम करीब 17:10 बजे बाटा इंडिया की दुकान से भी 2,000 रुपये की निकासी कर खरीदारी की थी। इसके बाद दोनों आरोपी बाटा इंडिया दुकान पर पहुंचे और वहां से एक थैला लेकर एटीएम की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार, घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर दोनों को पकड़ने की कार्रवाई की गई और उन्हें धनबाद थाना लाया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों के कथित ठगी के तरीके का खुलासा हुआ। आरोप है कि दोनों बिहार और झारखण्ड के विभिन्न शहरों में एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर लोगों के एटीएम कार्ड का विवरण हासिल करते थे। इसके बाद कार्ड से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल कर खरीदारी और रुपये की निकासी करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
नितीश कुमार (26 वर्ष), पिता अजय कुमार, निवासी लखमोहना, थाना अकबरपुर, जिला नवादा, बिहार।
सौरभ कुमार (24 वर्ष), पिता पंकज कुमार, निवासी नवादा, थाना नगर, जिला नवादा, बिहार।
पुलिस विज्ञप्ति में नितीश कुमार के खिलाफ पूर्व में साइबर अपराध से संबंधित एक मामला दर्ज होने का भी उल्लेख है। उसके खिलाफ देवघर साइबर थाना में वर्ष 2023 में मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन जोड़ी बाटा कंपनी की चप्पल बरामद की हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले किन-किन लोगों को निशाना बनाया और उनके खिलाफ अन्य थानों में कोई शिकायत दर्ज है या नहीं।
एटीएम का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए यह घटना एक चेतावनी है। अनजान व्यक्ति की मदद से एटीएम का संचालन करना, अपना पिन किसी के सामने दर्ज करना या कार्ड किसी दूसरे व्यक्ति को देना भारी पड़ सकता है। एटीएम मशीन में किसी तरह की छेड़छाड़ दिखाई देने पर तत्काल बैंक और पुलिस को सूचना देना जरूरी है।
धनबाद पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों आरोपी किसी बड़े एटीएम ठगी गिरोह से जुड़े हैं या अलग-अलग शहरों में इसी तरीके से वारदात को अंजाम देते थे।
आज प्रेस वार्ता में पूरी जानकारी धनबाद सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव और लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी प्रकाश सोय ने दिया।

