राँची के नामकुम में इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार से लूटपाट के दौरान अपराधियों ने पैर में मारी गोली,जांच में जुटी है पुलिस..
राँची।राजधानी राँची के नामकुम थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है और विरोध करने पर एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के संचालक को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।मिली जानकारी के अनुसार, नामकुम के सदाबहार चौक निवासी रोहित कुमार कुटियातु चौक के पास ‘ऋषभ इलेक्ट्रॉनिक्स’ नाम की दुकान चलाते हैं। रात करीब 8 बजे वे बाजार से तगादा कर अपनी बाइक से कुटियातु आर्मी ग्राउंड के रास्ते लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने हथियार के बल पर उन्हें रोक लिया।
अपराधियों ने रोहित को घेरकर पहले उनके गले से सोने की चेन और पास में मौजूद नकदी छीन ली। इतने से भी जब बदमाशों का मन नहीं भरा, तो वे रोहित का मोबाइल भी छीनने लगे। जब रोहित ने इसका कड़ा विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी।अपराधियों की गोली रोहित के पैर में लगी, जिसके बाद वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घायल युवक
सेना के मैदान के पास गोली चलने और लूटपाट की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नामकुम, एयरपोर्ट और खरसीदाग थाना के प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी है।वहीं मौके पर सिटी एसपी,डीएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी पहुँचे हैं।
घायल रोहित कुमार को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। राहत की बात यह है कि गोली पैर में लगी है और युवक को रिम्स में भर्ती कराया गया है।अपराधियों के द्वारा युवक से सोने का लॉकेट,सोने की अंगूठी ,मोबाइल और करीब 20-25 हजार कैश लुटने की सूचना है।
सेना के मैदान जैसे संवेदनशील इलाके के पास इस तरह की दुस्साहसिक वारदात ने कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।जिस जगह घटना हुई है।तीन थाना क्षेत्र का बॉर्डर एरिया है।नामकुम, खरसीदाग और एयरपोर्ट थाना क्षेत्र है।

