निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे युवक की संदिग्ध मौत, करंट लगने या गिरने की आशंका…

जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड अंतर्गत भादुआ पंचायत के जामबाद गांव निवासी 26 वर्षीय संजीत गोप की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना कालापाथर गांव की है, जहां वह एक निर्माणाधीन मकान में सिविल कार्य के हेल्पर के रूप में कार्यरत था।
मिली जानकारी के अनुसार संजीत गोप सुबह करीब 11 बजे दिनेश कुमार मानकी के निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह अन्य दिनों की तरह सामान्य रूप से कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह जोर से चिल्लाया और आंगन में गिर पड़ा। घटना के बाद वहां मौजूद सहकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों ने तत्काल उसे उठाकर स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल रेफर कर दिया गया।अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक डॉ. मीरा मुर्मू ने जांच के बाद संजीत को मृत घोषित कर दिया। युवक की अचानक मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक के साथ काम कर रहे मजदूरों और परिजनों ने आशंका जताई है कि संजीत को संभवतः करंट लग गया था या फिर चक्कर आने के कारण वह गिर पड़ा। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। चिकित्सकों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
बताया जाता है कि संजीत गोप की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल में मृतक के पिता चेतन गोप सहित बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और प्रशासन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

