आईजी और एसपी की समीक्षा बैठक, मादक पदार्थ तस्करों व संगठित अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई

–मुहर्रम को लेकर हजारीबाग पुलिस अलर्ट, लंबित मामलों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण पर जोर

हजारीबाग। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर शुक्रवार को हजारीबाग में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस महानिरीक्षक, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो तथा पुलिस अधीक्षक हजारीबाग ने जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, लंबित कांडों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक ने थानों में आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, एनडीपीएस, संगठित अपराध, एससी-एसटी अत्याचार तथा गुमशुदगी से संबंधित मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थलों की पहचान कर विशेष अभियान चलाते हुए दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।

संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त लोगों तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सीसीए एवं गुंडा पंजी के तहत प्रस्ताव भेजने का निर्देश भी दिया गया। जिले में लंबित गुमशुदगी मामलों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निष्पादन पर भी जोर दिया गया।

वहीं,पुलिस अधीक्षक द्वारा आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पूर्व में हुई सांप्रदायिक घटनाओं की समीक्षा कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी जुलूसों की सूची तैयार कर उन पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

बैठक में महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार, हत्या एवं अन्य गंभीर मामलों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन करने के निर्देश दिए गए। वर्ष 2025 से पूर्व लंबित सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा जमानती और गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की-जब्ती मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा साइबर अपराध मामलों में त्वरित कार्रवाई, भूमि विवादों के निपटारे के लिए थाना दिवस के माध्यम से समीक्षा, तथा अवैध कोयला, बालू और पत्थर खनन पर रोक लगाने हेतु अंचल अधिकारियों एवं जिला खनन पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों को प्रत्येक सोमवार थाना स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित कर लंबित मामलों की प्रगति की निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों पर शिकंजा कसने और आम जनता को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

error: Content is protected !!