शादी के दबाव से बचने के लिए प्रेमिका को डैम में दिया धक्का, 3 महीने बाद खुला मौत का राज,प्रेमी गिरफ्तार
दुमका। प्यार,भरोसा और साथ जीने-मरने के वादों के बीच शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत इतना भयावह होगा,किसी ने नहीं सोचा था। झारखण्ड के दुमका जिले के मसानजोर डैम में मार्च 2026 में मिली युवती की लाश के रहस्य से आखिरकार पुलिस ने बुधवार (10 जून) को पर्दा उठा दिया है। जांच में जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया।पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय रीना कुमारी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके प्रेमी 18 वर्षीय केतन कुमार मंडल ने की थी। आरोप है कि शादी के लिए लगातार दबाव बना रही प्रेमिका से छुटकारा पाने के लिए उसने एक खौफनाक साजिश रची और घूमने के बहाने उसे मसानजोर डैम ले जाकर मौत के घाट उतार दिया।
डैम में मिली थी अज्ञात युवती की लाश
4 मार्च 2026 को मसानजोर डैम के पानी में एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। बाद में शव की पहचान दुमका नगर क्षेत्र के दुधानी निवासी रीना कुमारी के रूप में हुई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को आवेदन दिया, जिसके बाद मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई।
मोबाइल नंबर बना हत्या का सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोबाइल नंबर को ट्रेस किया। नंबर भले ही किसी और के नाम पर जारी था, लेकिन उसका इस्तेमाल केतन कुमार मंडल कर रहा था। तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और अन्य प्रमाणों ने जांच की दिशा तय कर दी। आखिरकार पुलिस ने आरोपी को उसके घर से दबोच लिया।
पूछताछ में उगल दिया हत्या का सच
पुलिस हिरासत में आरोपी ने कबूल किया कि पिछले एक साल से उसका रीना के साथ प्रेम संबंध था। दोनों लगातार संपर्क में थे, लेकिन रीना शादी करना चाहती थी। आरोपी शादी की जिम्मेदारी से बचना चाहता था। इसी वजह से उसने रीना को घूमने के नाम पर मसानजोर डैम बुलाया और वहां उसकी हत्या कर शव पानी में फेंक दिया।
घर से मिले अहम सबूत
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रीना का बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, एक काला बैग और कढ़ाईदार ओढ़नी बरामद की है। इन सभी वस्तुओं को मामले के महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया है।
तकनीक और पुलिस टीम की मेहनत लाई सफलता
दुमका पुलिस की विशेष जांच टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान की मदद से इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
प्यार से शुरू हुई कहानी, अदालत तक पहुंची
एक साल का प्रेम संबंध, शादी का दबाव और फिर हत्या की साजिश ,यह मामला बताता है कि रिश्तों में पैदा हुआ तनाव किस तरह एक जघन्य अपराध का रूप ले सकता है। जो कहानी कभी प्रेम से शुरू हुई थी, वह अब अदालत और केस डायरी के पन्नों में दर्ज एक सनसनीखेज हत्या कांड बन चुकी है।

