झारखण्ड आंदोलनकारियों का बड़ा हुंकार, हजारों की संख्या में आंदोलनकारी सीएम आवास घेराव करने पहुँचे, इलाका छावनी में तब्दील…

 

राँची।अपनी पहचान,अस्मिता, पेंशन समेत विभिन्न मांगों को लेकर झारखण्ड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बुधवार को राज्यभर से हजारों आंदोलनकारी राँची में जुटे हैं।आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया है,जिसके मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने मोरहाबादी मैदान से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक सुरक्षा का अभेद्य घेरा तैयार किया है। कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाई गई है और बड़ी संख्या में आंदोलनकारियों को बैरिकेड के पास ही रोक दिया गया है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रैपिड एक्शन पुलिस, एसआईआरबी, जैप और इको बल की तीन कंपनियों समेत करीब 600 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा बलों में हथियारबंद जवानों के साथ लाठी पार्टी भी शामिल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए ब्रज वाहन, फायर ब्रिगेड, रंगीन पानी के टैंकर और आंसू गैस दस्ता भी तैयार रखा गया है।

प्रशासन की प्राथमिकता आंदोलनकारियों को मोरहाबादी मैदान से आगे बढ़ने से रोके रखना है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

आंदोलन के कारण राजधानी की यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट करने के संकेत दिए हैं। आम लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।फिलहाल मोरहाबादी मैदान और मुख्यमंत्री आवास क्षेत्र में स्थिति संवेदनशील लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

error: Content is protected !!