बोधगया से वाराणसी जा रही टूरिस्ट बस हादसे का शिकार, आंध्र प्रदेश के 3 श्रद्धालुओं की मौत, 22 घायल

 

औरंगाबाद।बिहार के औरंगाबाद जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में आंध्र प्रदेश के तीन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र में भवानी लाइन होटल के समीप उस समय हुआ, जब बोधगया से वाराणसी जा रही एक टूरिस्ट बस सड़क किनारे खड़े ट्रक-ट्रेलर से पीछे से जा टकराई।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 12:30 बजे हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि हादसे में आंध्र प्रदेश के नेल्लौर जिले की रहने वाली सोमा पदमा (42 वर्ष), पशुपुलेटी वेंकटेश (64 वर्ष) तथा चावादम हजरत थेटा (61 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 22 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि सभी यात्री आंध्र प्रदेश के नेल्लौर से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। एक जून को शुरू हुए 15 दिवसीय तीर्थ यात्रा कार्यक्रम के तहत वे जगन्नाथ पुरी, वैद्यनाथ धाम और बोधगया का दर्शन करने के बाद वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान औरंगाबाद में यह हादसा हो गया।

घायल यात्री सोमा प्रसाद ने बताया कि यात्रा श्रद्धालुओं के एक समूह द्वारा आयोजित की गई थी और सभी लोग विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रहे थे। हादसे के बाद पूरे दल में शोक का माहौल है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक-ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस चालक की भूमिका, वाहन की गति और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्राओं में सड़क सुरक्षा और वाहन संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

error: Content is protected !!