चांडिल: NH-33 पर तेज रफ्तार का कहर, ऑटो दुर्घटना में 6 लोग जख्मी
सरायकेला।झारखण्ड सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-राँची मार्ग एनएच-33 पर कारनीडीह-भादुडीह के पास रविवार सुबह करीब 7:30 बजे दो सवारी ऑटो (टेम्पो) के बीच भीषण टक्कर हो गई।इस हादसे में दोनों ऑटो (टेम्पो) में सवार कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।जबकि टक्कर के बाद एक ऑटो (टेम्पो) अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घायलों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा।हादसे के बाद कुछ समय के लिए एनएच-33 पर यातायात भी प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही हाइवे पर अबतक दर्जनों लोगों की जान बचाने वाले स्थानीय युवक शेखर गांगुली और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त ऑटो में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला।इसके बाद आनन-फानन में एम्बुलेंस को सूचना दी गई और सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेजा गया। घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार एक सवारी ऑटो चांडिल से टाटा की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ऑटो भी टाटा की ओर जा रहा था।ओवर टेक करने के दौरान ये दुर्घटना घटी। इसी दौरान दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे एक ऑटो पलट गया। पूरे घटना की जांच चांडिल पुलिस कर रही है।

