जमीन विवाद में बवाल: कोर्ट के आदेश के बावजूद कब्जा, प्रशासनिक टीम पर जानलेवा हमला,12 पर केस दर्ज,दो गिरफ्तार..

 

राँची। कांके थाना क्षेत्र स्थित हुसीर गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।पुलिस के अनुसार,न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद जमीन पर जबरन निर्माण और कब्जे की कोशिश के दौरान प्रशासनिक टीम पर हमला कर दिया गया। इस घटना में पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया है। मामला उस वक्त का है जब अनुमंडल दंडाधिकारी सदर,राँची द्वारा वाद संख्या 185/26 में मौजा हुसीर, खाता संख्या 134, प्लॉट संख्या 1550, रकबा 1.64 एकड़ जमीन पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया गया था। इसके बावजूद संबंधित पक्ष द्वारा लगातार आदेश की अवहेलना करते हुए निर्माण कार्य किया जा रहा था।

दर्ज एफआईआर के अनुसार,गुरुवार (04 जून 2026) को अंचल निरीक्षक चितरंजन टुडू, अंचलाधिकारी कांके और थाना प्रभारी कांके पुलिस बल के साथ स्थल पर पहुंचे थे, ताकि न्यायालय के आदेश का पालन कराया जा सके। इसी दौरान पहले से मौजूद निशा भगत नामक महिला अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को प्रशासन और पुलिस के खिलाफ उकसाने लगी।

उकसावे में आकर कई स्थानीय लोग उग्र हो गए और प्रशासनिक टीम को घेर लिया। देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई और टांगी, तलवार, लाठी, हॉकी स्टिक, ईंट-पत्थर से हमला कर दिया गया। इस हमले में पुलिस अवर निरीक्षक अरविंद कुमार घायल हो गए। स्थिति को बिगड़ता देख थाना प्रभारी ने अतिरिक्त बल और महिला पुलिस को बुलाया, जिसके बाद किसी तरह हालात पर काबू पाया गया। मौके से टांगी, तलवार, लाठी और हॉकी स्टिक को जब्त कर लिया गया है।

घटना के दौरान हमलावरों ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ-साथ सरकारी वाहन के शीशे भी तोड़ दिए। इस संबंध में अंचल निरीक्षक चितरंजन टुडू ने कांके थाना में लिखित आवेदन देकर कुल 12 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।जिसमें मे निशा भगत और बुधनी उरांव उर्फ भगताईंन को गिरफ्तार कर लिया।बाद में दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

 

error: Content is protected !!