राँची में बिना OTP शेयर किए खाते से उड़ गए 3.88 लाख रुपये, 10 ट्रांजेक्शन में साइबर ठगों ने किया बैंक बैलेंस साफ…
राँची।राजधानी राँची में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बार साइबर ठगों ने एक 63 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते से 3.88 लाख रुपये से अधिक की रकम उड़ा ली। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित ने न तो किसी को OTP साझा किया, न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया, फिर भी कुछ ही घंटों में उनका बैंक खाता लगभग खाली हो गया।
जानकारी के अनुसार न्यू साहदेव नगर, पंडरा हेहल निवासी सपन कुमार राय के बैंक खाते में 29 मई 2026 की सुबह 3,89,329.18 रुपये जमा थे। सुबह करीब 8 बजे उन्होंने महज 60 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी की और दोपहर लगभग 3 बजे एक मोबाइल नंबर पर 300.90 रुपये का रिचार्ज कराया। इसके बाद जब उन्होंने खाते का बैलेंस चेक किया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खाते में केवल 164.72 रुपये ही शेष थे।
पहली नजर में ट्रांजेक्शन हिस्ट्री में किसी बड़ी निकासी का स्पष्ट विवरण नहीं दिखा, जिसके बाद उन्हें साइबर ठगी की आशंका हुई। घबराए पीड़ित तुरंत बैंक की अरगोड़ा शाखा पहुंचे। वहां बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर खुलासा हुआ कि उनके खाते से UPI के माध्यम से 10 अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 3,88,803.56 रुपये की निकासी की गई है।
पीड़ित ने बताया कि घटना के दौरान उनके मोबाइल पर कई OTP संदेश जरूर आए थे, लेकिन उन्होंने न तो किसी OTP का इस्तेमाल किया और न ही किसी व्यक्ति के साथ साझा किया। ऐसे में बिना OTP सत्यापन के खाते से इतनी बड़ी रकम निकल जाना बैंकिंग और डिजिटल सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
मामले की शिकायत साइबर अपराध थाना, राँची में दर्ज करा दी गई है। पुलिस और साइबर विशेषज्ञ अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि आखिर साइबर ठगों ने किस तकनीक या तरीके का इस्तेमाल कर बिना OTP साझा कराए खाते से लाखों रुपये की निकासी कर ली।इस घटना ने एक बार फिर आम लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं।

