राँची में भाजपा नेता के भांजे की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, प्रेम-प्रसंग का मामला; एक गिरफ्तार
राँची।राजधानी राँची के रातू थाना क्षेत्र के काटू लहना गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ 24 वर्षीय युवक रोहित मिर्धा की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक स्थानीय भाजपा नेता कमलेश राम का सगा भांजा था। वारदात की वजह कथित तौर पर पड़ोस की एक महिला से प्रेम-प्रसंग बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक रोहित मिर्धा का पड़ोस की ही एक महिला के साथ संबंध था। इसी बात को लेकर उपजे विवाद में उस पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल रोहित ने पिटाई के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी इंद्रजीत साहू को गिरफ्तार कर लिया है।रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है और उसे थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
इधर, घटना के बाद मृतक के मामा और भाजपा नेता कमलेश राम ने न्याय की मांग करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके भांजे रोहित मिर्धा की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है। इस वारदात को इंद्रजीत साहू, विकास साहू, संतोष साहू और करीब 20 अज्ञात लोगों ने मिलकर अंजाम दिया है।
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन सभी को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

