Ranchi:नामकुम थाना क्षेत्र में चोरों का तांडव: तीन घरों के टूटे ताले,2 लाख नकद समेत लाखों के गहने उड़ाए..

 

राँची।राजधानी के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित बरगावां गांव में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। बदमाशों ने बंद घरों के ताले तोड़कर करीब दो लाख रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित रोहित रुंडा ने बताया कि सोमवार रात पूरा परिवार छठी समारोह में शामिल होने टाटीसिलवे गया था। मंगलवार सुबह घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे 2 लाख नकद तथा शादी के लिए रखे गए सोने-चांदी के गहने गायब थे। रोहित ने बताया कि जुलाई में उनकी शादी होने वाली है और चोरी हुए गहनों में होने वाली दुल्हन और उनकी मां के आभूषण भी शामिल थे।

वहीं, राहुल तिर्की उर्फ एतवा ने बताया कि वह परिवार के साथ पाहन टोली गए हुए थे। लौटने पर कमरे का ताला टूटा मिला और अलमारी का सामान अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर घर में रखे सभी गहने चोरी पाए गए।

चोरों ने इसी दौरान पास के किराये के मकान में रहने वाले अजय महतो के बंद घर में भी घुसपैठ की। हालांकि घर में कोई कीमती सामान नहीं मिलने पर बदमाश सिर्फ गुल्लक लेकर फरार हो गए। अजय ने बताया कि वह लाली गए हुए थे और गुल्लक में कुछ नकदी रखी हुई थी।

घटना की सूचना मिलने पर नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आर.एन. सिंह ने बताया कि दोनों पीड़ितों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा चोरों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

एक ही रात में तीन घरों में चोरी की इस वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग जल्द खुलासे और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग कर रहे हैं।

error: Content is protected !!