पलामू: तनाव में शिक्षक ने की आत्महत्या, किचन के ग्रिल से लटका मिला शव…
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के पांकी मुख्यालय स्थित थाना रोड से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहाँ के एक प्लस-टू हाई स्कूल में कार्यरत शारीरिक शिक्षक सत्य प्रकाश श्रीवास्तव ने शनिवार की रात अपने किराए के मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक शिक्षक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रहने वाले थे और वर्तमान में पांकी के नीरज गुप्ता के मकान में किराए पर रह रहे थे।
घटना का खुलासा रविवार सुबह तब हुआ जब एक अन्य शिक्षक ने सत्य प्रकाश जी को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद सहयोगी शिक्षकों और मकान मालिक ने मिलकर उन्हें आवाज दी। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस की मौजूदगी में जब दरवाजा खोला गया, तो देखा गया कि शिक्षक ने किचन के ग्रिल में गमछे का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी।
मृतक शिक्षक के सहयोगी राहुल कुमार ने बताया कि सत्य प्रकाश श्रीवास्तव वर्ष 2023 से सिलदिलिया प्लस-टू हाई स्कूल में कार्यरत थे। पिछले कुछ समय से वे जनगणना (Census) के कार्य में प्रतिनियुक्त थे और काम के दबाव को लेकर काफी मानसिक तनाव और परेशानी में थे।
”सभी के सहयोग से जनगणना का लगभग काम पूरा भी हो चुका था। लेकिन तनाव के कारण उन्होंने इतना बड़ा आत्मघाती कदम क्यों उठा लिया, यह हम सभी की समझ से परे है।”— राहुल कुमार, सहयोगी शिक्षक
सूचना मिलते ही पांकी थाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच (MMCH) भेज दिया है।
पांकी थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की आधिकारिक सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस आत्महत्या के अन्य संभावित कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

