जामताड़ा महिला थाना से पूछताछ के दौरान महिला लापता, तलाश में जुटी पुलिस..

 

जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा महिला थाना में पूछताछ के लिए रखी गई एक महिला शुक्रवार सुबह अचानक लापता हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। महिला के थाना परिसर से गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर उसकी तस्वीर दिखाकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि महिला को आखिरी बार जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर देखा गया था।

जानकारी के अनुसार, करीब दो दिन पहले छत्तीसगढ़ के रायगढ़ निवासी एक महिला अपनी किसी शिकायत को लेकर कर्माटांड़ थाना पहुंची थी। हालांकि भाषा संबंधी दिक्कत या अन्य कारणों से वह अपनी बात पुलिस के सामने स्पष्ट रूप से नहीं रख पा रही थी। महिला की स्थिति और मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्माटांड़ थाना पुलिस ने बेहतर काउंसलिंग और विस्तृत पूछताछ के लिए उसे जामताड़ा महिला थाना भेज दिया था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह अचानक महिला थाना परिसर से वह गायब हो गई। महिला के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। सुबह करीब 9 बजे महिला थाना प्रभारी खुद जामताड़ा थाना पहुंचीं और शहर के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कराई गई, ताकि महिला का कोई सुराग मिल सके। हालांकि खबर लिखे जाने तक महिला का पता नहीं चल पाया था।

मामले को लेकर जामताड़ा एसपी ने कहा कि उन्हें फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जानकारी नहीं मिली है और घटना की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद महिला थाना की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला थाना परिसर से ही फरार हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था के बीच महिला कैसे बाहर निकल गई और उस समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे।हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि महिला खुद भागी है या मामला कुछ और है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!