होटल की आड़ में ‘काला कारोबार’… सिमडेगा में करोड़ों की अफीम फैक्ट्री का भंडाफोड़, नागपुर पुलिस की छापेमारी में होटल संचालक गिरफ्तार

 

सिमडेगा। झारखण्ड के सिमडेगा में अफीम तस्करी के बड़े नेटवर्क का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। महाराष्ट्र के नागपुर ग्रामीण पुलिस की नारकोटिक्स विरोधी टीम और सिमडेगा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपये की अफीम बरामद की गई है। पुलिस ने 33.767 किलो अफीम, लाखों रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल होने वाले कई सामान जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 20 मई को नागपुर ग्रामीण पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक चालक के पास से 237.17 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि उसने यह अफीम झारखण्ड के सिमडेगा जिले के होटल अंतरा से खरीदी थी।सूचना मिलते ही नागपुर ग्रामीण की एनडीपीएस टीम आरोपी को लेकर 24 मई को सिमडेगा पहुंची। सिमडेगा थाना और ठेठईटांगर थाना पुलिस के सहयोग से जांच शुरू हुई। आरोपी की निशानदेही पर होटल अंतरा के संचालक मनीष कुमार (46 वर्ष), निवासी भंडारटोली, ठेठईटांगर के घर पर छापेमारी की गई।
छापेमारी में पुलिस ने 33.767 किलो अफीम बरामद किया, जिसकी सरकारी कीमत ₹1.68 करोड़ बताई जा रही है, जबकि अवैध बाजार में इसकी कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा, प्लास्टिक पॉलिथीन, रबर बैंड और ₹23.35 लाख नकद भी बरामद किए गए।पुलिस ने मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!