Ranchi:ड्यूटी से घर लौट रहे होमगार्ड जवान से चाकू की नोंक पर स्कूटी लूटी, वर्दी और टोपी सड़क पर फेंक अपराधी फरार,अपराधियों की तलाश में जुटी है पुलिस..

राँची।राजधानी राँची में रविवार की देर रात करीब 2 बजे चुटिया थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ अपराधियों ने ड्यूटी कर लौट रहे होमगार्ड जवान गणेश राम को निशाना बनाया। अपराधियों ने चाकू की नोंक पर जवान से उनकी स्कूटी लूट ली और मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से इलाके और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

​जानकारी के अनुसार,यह पूरी घटना चुटिया थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी टीओपी के समीप घटी। होमगार्ड जवान गणेश राम कांके के रिनपास से अपनी ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से रेलवे कॉलोनी घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पीछे पंचवटी चौक के आगे पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रास्ते में जबरन रोक लिया। इससे पहले कि जवान कुछ समझ पाते, अपराधियों ने उन पर चाकू तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए स्कूटी छीन ली।

​इस वारदात के दौरान अपराधियों की एक हैरान करने वाली और शातिर करतूत सामने आई है। स्कूटी लूटने के बाद जब अपराधी भागने लगे, तो उन्हें अहसास हुआ कि स्कूटी पर पुलिसकर्मी की वर्दी और टोपी रखी है। पकड़े जाने के डर या पहचान छुपाने के उद्देश्य से अपराधियों ने जवान की वर्दी और टोपी को बीच रास्ते में ही फेंक दिया और केवल स्कूटी लेकर रफूचक्कर हो गए।

घटना की भनक लगते ही चुटिया थाना की पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित जवान से घटना की पूरी जानकारी ली है।​पुलिस की कई टीमें अपराधियों की धरपकड़ के लिए रेस हो गई हैं। रेलवे कॉलोनी टीओपी और उसके आसपास के रास्तों में लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि अपराधियों के भागने के रूट और उनकी पहचान का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को दबोच लिया जाएगा।

error: Content is protected !!