बेटे ने की पिता की कुदाल से मारकर हत्या, आरोपी फरार
लातेहार।झारखण्ड के सातवेजिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत शिंजो पंचायत में एक सनकी बेटे ने कुदाल से मारकर अपने पिता की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी प्रभात दास के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन की।फिलहाल घटना के बाद से आरोपी फरार है।बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के शिंजो पंचायत निवासी चंदन सिंह को किसी बात को लेकर उनके पिता राजकुमार सिंह ने बुधवार की रात हल्की डांट फटकार लगाई थी।इसी बात से नाराज होकर चंदन सिंह ने घर में रखे कुदाल से अपने पिता के सिर पर हमला कर उनकी हत्या कर दी।घटना को अंजाम देने के बाद चंदन सिंह घर से भाग गया।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया।मृतक के परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को भी दी।सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी प्रभात दास के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।
मृतक राजकुमार सिंह की पत्नी और हत्यारे चंदन सिंह की मां ने बताया कि चंदन की दिमागी हालत ठीक नहीं थी।कुछ दिन पहले ही उसे राँची से इलाज कराकर घर लाया गया था। बताया जाता है कि चंदन की मानसिक स्थिति ऐसी थी कि छोटी-छोटी बातों पर भी उग्र हो जाता था।संभावना जताई जा रही है कि अपने पिता के किसी बात से वह नाराज होकर अपने पिता की हत्या कर दी।
इधर,अपने पिता की हत्या करने के बाद चंदन फरार हो गया है. घटना देर रात की थी, जिसके कारण रात में आसपास के लोगों को जानकारी नहीं हुई। इसी का फायदा उठाकर आरोपी फरार होने में सफल रहा।फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।

