Ranchi:ढलाई कार्य के दौरान हादसा,महिला मजदूर की मौत
राँची।जिले के मांडर बस्ती में गुरुवार शाम निर्माणाधीन मकान की ढलाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में एक महिला मजदूर की मौत हो गई। मृतका की पहचान हेसल घुघरी गांव निवासी 30 वर्षीय अनिता उरांव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मांडर बस्ती स्थित एक निर्माणाधीन मकान में लिंटल ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अनिता उरांव सिर पर सीमेंट लेकर ढलाई स्थल की ओर जा रही थी। तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और भारी सीमेंट बोरा उनके ऊपर गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें मांडर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए राँची ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि अनिता उरांव अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। गांव में इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।

