कथित सेक्स रैकेट की सूचना पर पुलिस की छापामारी, हिरासत में कई युवक-युवतियां
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिरका बुधबाजार में कथित सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गुरुवार शाम पुलिस ने छापेमारी कर कई युवक-युवतियों को हिरासत में लिया। पुलिस सभी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से एक घर में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। इसे लेकर ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बढ़ रही थी।
स्थानीय लोगों का आरोप था कि इलाके में अवैध गतिविधियां खुलेआम चल रही थीं, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा था।गुरुवार को ग्रामीणों ने इसकी सूचना रामगढ़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधित घर में जांच-पड़ताल शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुछ युवक एवं युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस उस घर की महिला संचालक और उसकी बेटी से भी पूछताछ कर रही है, जहां कथित रूप से सेक्स रैकेट संचालित होने का आरोप लगाया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रामगढ़ थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस कथित नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।घटना के बाद सिरका बुधबाजार क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने और नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

