सीआईडी की साइबर पुलिस ने 8.52 करोड़ की ठगी करने वाले साइबर अपराधी को यूपी से किया गिरफ्तार…

 

राँची।राजधानी राँची में वाट्सएप ग्रुप और फर्जी फॉरेक्स ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए रियल एस्टेट कारोबारी से 8.52 करोड़ की ठगी के मामले में साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक साईबर अपराधी को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी का नाम बृजेश सिंह है। वह उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर का रहने वाला है। इस मामले में सीआईडी के राँची साइबर थाना में 10 मार्च को रियल एस्टेट कारोबारी ने साइबर ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से साइबर थाना की पुलिस ने मोबाइल सिम, डेबिट कार्ड और चेकबुक जब्त किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

साइबर ठग ने ऐसे फंसाया पीड़ित को अपने जाल में

पीड़ित को पहले वाट्सएप के जरिए एक ग्रुप से जोड़ा गया। यहां उसे फॉरेक्स ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया गया। इसके बाद उसे एक फर्जी वेबसाइट के जरिए अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर पैसे जमा करने को कहा गया। शुरुआत में ठगों ने फर्जी मुनाफा दिखाकर भरोसा जीता, ताकि पीड़ित ज्यादा से ज्यादा पैसा निवेश करे। जैसे ही बड़ी रकम जमा हुई, ठगों ने संपर्क तोड़ दिया और पैसे गायब कर दिए।

फर्जी प्लेटफॉर्म से चल रहा था पूरा खेल

साइबर थाना की पुलिस को जांच में सामने आया कि जिस नाम का प्लेटफॉर्म बना कर निवेश कराया जा रहा था वह पूरी तरह फर्जी था और इसका इस्तेमाल सिर्फ साइबर ठगी के लिए किया जा रहा था। इस प्लेटफॉर्म के जरिए पीड़ित से बड़ी रकम की धोखाधड़ी की गई।

error: Content is protected !!