जयमाला के दौरान दुल्हन फरार, छोटी बहन से हुई दूल्हे की शादी…
लातेहार।बरवाडीह थाना क्षेत्र के बेतला गांव में शुक्रवार की रात उस वक्त सनसनी मच गयी, जब सीताराम भुईयां की बेटी जयमाला से ठीक पहले अपने ही शादी के मंडप से अचानक लापता हो गयी। गढ़वा के रमुना से आई बारातियों की खुशियां पल भर में तनाव और सन्नाटे में बदल गयी। जैसे ही दुल्हन के गायब होने की खबर फैली, वर पक्ष आक्रोशित हो उठा और बिना शादी के वापस लौटने की जिद करने लगा।स्थिति को बिगड़ता देख दोनों पक्षों के बड़े लोगों ने सूझबूझ दिखाई। आनन-फानन में तय किया गया कि दूल्हे की शादी दुल्हन की छोटी बहन से कराई जायेगी।
जंगल में फरार दुल्हन की तलाश में जुटी थी पुलिस..
इसके बाद छोटी बहन ने बड़ी बहन की जगह मंडप में कदम रखा और रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा उसे ही विदा कराकर अपने साथ ले गया।इधर, दुल्हन के लापता होने से गुस्साये परिजनों ने संदेह के आधार पर चपरी निवासी एक युवक को बेतला में बंधक बना लिया।मामले की गंभीरता को भांपते हुए बरवाडीह पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की और युवक को सकुशल मुक्त कराया।सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेतला और आसपास के घने जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण आखिरकार गायब युवती को शनिवार को बरामद कर लिया गया।
थाने में पूछताछ के दौरान इस पूरी साजिश का खुलासा हुआ। युवती के प्रेमी ने स्वीकार किया कि उसने ही जयमाला के वक्त लड़की को भागने के लिए कहा था। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

