खूंटी पुलिस ने डोडा लदा यूपी नंबर का ट्रक किया जब्त, चालक समेत तस्कर फरार
खूंटी।एसपी ऋषभ गर्ग के नेतृत्व में जिले में अपराध और अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।इसी क्रम में रनिया थाना पुलिस ने अवैध डोडा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डोडा से लदे एक ट्रक को जब्त किया है।यह कार्रवाई रनिया थाना क्षेत्र के भालूटोली गांव के समीप खूंटी-कोलेबिरा स्टेट हाईवे-3 पर की गई।रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुम्भकार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में अवैध डोडा की खेप बाहर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात से ही हाईवे पर वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान अहले सुबह करीब 3 बजे यूपी नंबर का संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया।पुलिस ने ट्रक को रोककर तलाशी ली तो उसमें मवेशियों का चारा और चोकर के बोरे के नीचे बड़ी मात्रा में डोडा छिपाकर रखा गया था।हालांकि पुलिस कार्रवाई के दौरान ट्रक में सवार चालक समेत चारों तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार तस्करों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है।मामले को लेकर तोरपा डीएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध डोडा की बड़ी खेप ट्रक के माध्यम से ले जाई जा रही है। सूचना के बाद रनिया थाना पुलिस ने हाईवे पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोका, जहां तलाशी लेने पर चोकर और पशु चारा के बोरे के नीचे डोडा छिपाकर रखा गया था।पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।वहीं, फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है।

