साइबर अपराधियों का कहर:फ्रेंचाइजी के नाम पर 3.02 लाख,क्रेडिट कार्ड हैक कर 6.84 लाख और व्हाट्सऐप पर शादी कार्ड भेज 2.72 लाख की ठगी…

 

राँची। राजधानी में साइबर ठगी का कई मामला सामने आया है।पहला मामला: फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर एक युवक से 3,02,799 रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित नितेश कुमार भगत (36) जो विद्यानगर, पंडरा के रहने वाले है ने रांची के साइबर अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।पीड़ित ने बताया कि वह “वैलिमो” नामक कंपनी की फ्रेंचाइजी लेने के इच्छुक थे। 7 मार्च 2026 को राज कुमार कुंडू नामक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर पूरी प्रक्रिया समझाई. इसके बाद अविनाश नाम के व्यक्ति ने लगातार संपर्क कर रजिस्ट्रेशन, एग्रीमेंट, लाइसेंस और एनओसी के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे जमा कराए।सबसे पहले 14 मार्च को 25,500 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में एक बैंक खाते में जमा कराए गए. इसके बाद 26 मार्च को 69,999 रुपये एग्रीमेंट फीस के रूप में लिए गए. वहीं, लाइसेंस के नाम पर 96,800 रुपये और एनओसी के लिए 85,500 रुपये अलग-अलग खातों में जमा कराए गए। इसके अलावा फ्रेंचाइजी शुल्क के रूप में 25,000 रुपये भी जमा कराए गए।पीड़ित के अनुसार, पूरी प्रक्रिया के दौरान आरोपियों ने खुद को कंपनी के प्रतिनिधि बताते हुए भरोसा दिलाया कि भुगतान के बाद उनकी टीम वेलकम किट के साथ संपर्क करेगी और व्यवसाय शुरू कराया जाएगा।लेकिन पूरी राशि जमा करने के बाद सभी आरोपियों के मोबाइल नंबर बंद हो गए और कोई संपर्क नहीं हो सका. ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाना राँची  जाकर मंगलवार को प्रामथिकी दर्ज कराई। पुलिस जांच कर रही है।

क्रेडिट कार्ड हैक कर 6.84 लाख की साइबर ठगी, युवक बना शिकार

दूसरा मामला:साइबर अपराधियों ने आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड को हैक कर 6,84,212 रुपये की ठगी कर ली। घटना डोरंडा थाना क्षेत्र के साकेत नगर हिनू निवासी रंजित कुमार झा (35) के साथ हुई है, जिन्होंने साइबर अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पीड़ित के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे जब उन्होंने अपना मोबाइल चेक किया तो उसमें बड़ी संख्या में ओटीपी मैसेज और ईमेल मिले। इसी दौरान बैंक की ओर से कॉल भी आया था, जिसे वह उठा नहीं पाए थे। जांच करने पर पता चला कि उनके आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन में कुल 6,84,212 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई है। रंजित कुमार झा ने आशंका जताई है कि उनका मोबाइल नंबर, ईमेल और क्रेडिट कार्ड अकाउंट हैक कर इस वारदात को अंजाम दिया गया। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने साइबर थाना में 5 मई को प्राथमिकी दर्ज कराई।

व्हाट्सऐप पर ‘शादी कार्ड’ बना जाल, क्लिक करते ही 2.72 लाख की साइबर ठगी

तीसरा मामला: साइबर अपराधियों ने ठगी का नया और चौंकाने वाला तरीका अपनाया है.इस बार ‘शादी का कार्ड’ भेजकर एक युवक को निशाना बनाया गया. लिंक पर क्लिक करते ही उसका मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से 2,72,556.53 रुपये गायब हो गए.मामला सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के कटहल मोड़, हेहल निवासी रामचंद (37) का है। पीड़ित के अनुसार, उनके व्हाट्सऐप पर एक शादी का डिजिटल कार्ड आया।सामान्य निमंत्रण समझकर उन्होंने कार्ड खोलने के लिए उस लिंक पर क्लिक किया, लेकिन यही एक क्लिक भारी पड़ गया।

दो दिन बाद, उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते से अचानक अलग-अलग पांच ट्रांजैक्शन में कुल 2,72,556.53 रुपये डेबिट हो गए। जब तक उन्हें कुछ समझ आता, तब तक खाते से पूरी रकम साफ हो चुकी थी। पीड़ित का कहना है कि लिंक पर क्लिक करते ही उनका फोन हैक हो गया, जिसके बाद साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते तक पहुंच बना ली. इसके बाद उन्होंने 5 मई को साइबर थाना राँची में प्राथमिकी दर्ज कराई।

error: Content is protected !!