गिरिडीह:गोलगप्पा कांड में प्राथमिकी दर्ज,विक्रेता को भेजा जेल…

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में गोलगप्पा खाने से एक की मौत होने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।यह प्राथमिकी मृतक रंजन कुमार (6 साल) के पिता राम किशोर वर्मा के आवेदन पर दर्ज की गई है। मामले में गोलगप्पा विक्रेता ओभीलाल रजक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्राथमिकी और अभियुक्त को जेल भेजने की पुष्टि इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने की है।

दूसरी तरफ गोलगप्पा विक्रेता ओभीलाल रजक के घर से फूड इंस्पेक्टर राजा कुमार ने, जो चाट जब्त की थी, उसके सैंपल को जांच के लिए कोलकाता भेज दिया गया है। कहा जा रहा है कि रिपोर्ट जल्द से जल्द मंगवाने का का प्रयास किया जाएगा।

बता दें कि शनिवार को ओभीलाल रजक गोलगप्पा (स्थानीय भाषा में गुपचुप) और चाट का ठेला लेकर सदर प्रखंड के सलैयापहरी, बेरदोंगा, ललकीटांड, कुम्हरगढ़िया, बजटो गया समेत अन्य गांव गया था। यहां उसने 500 से अधिक गोलगप्पा के साथ चाट बेची थी।बजटो और कुम्हरगढ़िया गांव में गोलगप्पा खाने वालों की तबीयत दूसरे दिन से बिगड़ने लगी थी।

शाम होते होते 18 से 20 मरीजों को सदर अस्पताल लाया गया। हालांकि इनमें से रंजन की मौत हो चुकी थी।घटना की जानकारी मिलने पर डीसी रामनिवास यादव,एसडीएम श्रीकांत विस्पुते, सिविल सर्जन डॉ. बीपी सिंह, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, बीडीओ गणेश रजक के साथ मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भी अस्पताल पहुंचे। यहां के बाद डीसी अपने साथ एसडीएम और एसडीपीओ को लेकर सीधे गांव गए। गांव में एक-एक मरीज से बात की।

error: Content is protected !!