लातेहार: नाबालिग लड़की का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद, घर से लापता थी लड़की,जांच में जुटी है पुलिस…

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार में सदर थाना क्षेत्र के बेंदी गांव के पास एक आदिवासी नाबालिग लड़की का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद हुआ।लड़की बुधवार से ही अपने घर से लापता थी।इस बीच गुरुवार को लड़की ने पिता से फोन पर बात की और खुद को बेंदी गांव में होने की बात कहीमपरंतु बातचीत की थोड़ी देर बाद ही उसके पिता के फोन पर अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि लड़की का शव पेड़ के पास पड़ा हुआ है। इस घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। लातेहार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है,जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है।

बताया जाता है कि नाबालिग लड़की अपने पिता के साथ लातेहार जिला में एक किराए के मकान में रहती थी।आरोप है कि नाबालिग लड़की और मकान मालिक के बेटे के बीच पिछले कुछ दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।इसी बीच बुधवार को अचानक लड़की अपने घर से लापता हो गई थी।काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला तो लड़की के परिजन गुरुवार को मकान मालिक से उनके बेटे के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किए।जिस पर लड़की के परिजन और मकान मालिक के बीच विवाद भी हो गया। इधर गुरुवार को लड़की ने अपने पिता को फोन कर बताया कि वह लातेहार के बेंदी गांव में है। पिता कुछ और बात करना ही चाह रहे थे कि मोबाइल डिस्कनेक्ट हो गया। इसके बाद थोड़ी देर पश्चात एक व्यक्ति ने लड़की के पिता को फोन कर बताया कि लड़की का शव मिला है।

इधर लड़की के पिता ने बताया कि घटना की जानकारी होने के बाद वह लातेहार के बेंदी गांव पहुंचे।जहां ग्रामीणों के द्वारा बताया गया कि महुआ के पेड़ के पास से उनकी बेटी का शव बरामद हुआ था।घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को भी दी गई।सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और लड़की के शव को कब्जे में ले लिया।लड़की के पिता का कहना है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।घटना में जो भी दोषी हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

इस संबंध में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि घटना की जानकारी होने के बाद तत्काल पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और लड़की के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो पाएगा कि लड़की की मौत कैसे हुई? उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। परिजनों से भी बयान लिया जा रहा है।

error: Content is protected !!