इमली पेड़ की डाली काटते समय कटर मशीन से मजदूर का कटा पैर,दर्दनाक मौत
लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र अंतर्गत चीरी बरवाटोली गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया।इमली के पेड़ की डाली काटने के दौरान कटर मशीन से गंभीर रूप से घायल एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, चीरी बरवाटोली निवासी शेरू उरांव का पुत्र संदीप उरांव अपने घर के सामने निजी जमीन पर लगे इमली के पेड़ की डाली काट रहा था।वह कटर मशीन की मदद से पेड़ की डालियों को काट रहा था।इसी दौरान एक डाली आधी कट गई और कटर मशीन उसमें फंस गई।
बताया जाता है कि जैसे ही संदीप उरांव ने कटर मशीन को निकालने की कोशिश की, मशीन अचानक अनियंत्रित हो गई।चालू हालत में ही कटर मशीन उसके पैरों के पीछे जा लगी, जिससे दोनों पैरों की नस कट गई।घटना इतनी गंभीर थी कि कुछ ही देर में अत्यधिक खून बहने लगा।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने उसे पेड़ से नीचे उतारा और आनन-फानन में इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया।लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी रही।
डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद संदीप उरांव की जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
यह घटना एक बार फिर से यह दर्शाती है कि मशीनों के इस्तेमाल के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कितना जरूरी है।थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

