Ranchi:स्विफ्ट कार में गाय ठूंसकर ले जा रहे थे तस्कर,टायर फटने पर पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा..

राँची।राजधानी राँची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौ तस्करी के एक चौकाने व क्रूर मामले का पर्दाफाश किया है। तस्करों ने एक सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार के भीतर एक गाय को अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंसकर रखा था। पुलिस की गश्ती दल ने पीछा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो लोअर बाजार थाना क्षेत्र के गुदरी चौक के रहने वाले हैं। सुखदेवनगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक उमेश चन्द्र महतो ने आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में बताया कि 19 अप्रैल की देर रात करीब 02:30 बजे एक कार पिस्का मोड़ से रातू रोड की ओर अत्यंत तेज गति और लापरवाही से गुजरी। गश्ती दल ने संदेह होने पर वाहन का पीछा किया। इस दौरान ग्लैक्सिया मॉल के सामने काली मंदिर के पास कार का टायर फट गया। पुलिस को देखते ही कार में सवार तीन युवक उतरकर भागने लगे, जिन्हें स्थानीय लोगों के सहयोग से रातू रोड पर लंबी दूरी तक खदेड़कर पकड़ा गया।
चौंकाने वाला खुलासा, डिक्की में बंद थी गाय
जब पुलिस ने जप्त की गई स्विफ्ट कार की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देख अधिकारी दंग रह गए। कार के पीछे की तरफ एक काले रंग की गाय को पैर बांधकर क्रूरतापूर्वक ठूंसकर रखा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने ओटीसी ग्राउंड (पंडरा) के पास सड़क किनारे बैठी इस गाय को चोरी किया था और इसे गुदरी चौक स्थित बूचड़खाने में वध के लिए ले जा रहे थे। भागने के दौरान गिरने के कारण तीनों आरोपियों को चोटें आई हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 और झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम 2005 की विभिन्न धाराओं के तहत सुखदेवनगर थाना में केस दर्ज किया है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
-मोहम्मद मुर्तजा (23 वर्ष): पिता- मो. रियाज, पत्थलकुदवा।
-मो. सादिक कुरैशी (24 वर्ष): पिता- स्व. साहबुद्दीन कुरैशी, गुदरी चौक।
-मो. वाहिद कुरैशी (32 वर्ष): पिता- स्व. नईम कुरैशी, गुदरी चौक।

