खूंटी में युवक की पत्थर से कूचकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

राँची/खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिला के अड़की थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बीरबांकी-घाघरा रोड के किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ।युवक की हत्या पत्थर से कूचकर किए जाने की आशंका जताई जा रही है।घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।मृतक की पहचान कोटोबेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय चमरा मुंडा के रूप में हुई है। मृतक की पहचान उसके भाई हेसल मुंडा ने की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसके सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि हमलावरों ने बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि सुबह टहलने निकले लोगों ने सड़क किनारे शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया।

शुरुआती पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक शनिवार को बीरबांकी साप्ताहिक हाट गया था। वहां उसे नशे की हालत में देखा गया था।आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान या उसके बाद अज्ञात अपराधियों ने उसकी हत्या कर दी।

इधर, बीरबांकी ग्राम सभा के सदस्यों ने घटना पर गहरी चिंता जताई है।उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं गांव की छवि को प्रभावित कर रही हैं. साथ ही, प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए जांच में सहयोग का भरोसा भी दिया है।वहीं, अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि एक युवक का शव बरामद हुआ है। परिजनों द्वारा शव की पहचान किए जाने के बाद पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।

error: Content is protected !!