Ranchi:दोस्ती से इनकार पर महिला को धमकी, बच्ची के अपहरण की दी चेतावनी, केस दर्ज
राँची।राजधानी राँची के रातु थाना क्षेत्र में एक महिला को लगातार पीछा करने, धमकी देने और बच्ची के अपहरण की चेतावनी देने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पंडरा निवासी महिला ने रातु थाना में आरोपी नितेश कुमार पासवान के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि घर निर्माण के लिए इंजीनियर की तलाश के दौरान एक परिचित के माध्यम से नितेश कुमार पासवान से संपर्क हुआ था। इसके बाद वह उनके पंडरा स्थित घर आने-जाने लगा। इसी दौरान उसकी नीयत खराब हो गई और वह महिला के प्रति अनुचित व्यवहार व गलत टिप्पणियां करने लगा। स्थिति बिगड़ने पर परिवार ने उसे काम से हटा दिया। इस मामले में पूर्व में भी रातु थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जहां आरोपी को समझाकर छोड़ दिया गया था।
बच्ची को छोड़ने जाने के दौरान करता है पीछा, बनाता है दबाव
पीड़िता के अनुसार, करीब 10-15 दिन पहले जब वह अपनी बच्ची को स्कूल छोड़ने जा रही थी, तभी आरोपी ने रास्ता रोककर दोस्ती और बातचीत का दबाव बनाया। मना करने पर उसने धमकी दी कि अगर बात नहीं करोगी तो अंजाम बहुत बुरा होगा, तुम्हारी बच्ची को भी उठवा लूंगा। साथ ही उसने पति को जानकारी देने पर और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी पीड़िता को फॉलो करने की कोशिश की, जिससे उसका पीछा करने का सिलसिला जारी रहा। पीड़िता ने बताया कि उसके पति सीआरपीएफ में कार्यरत हैं और वर्तमान में मणिपुर में तैनात हैं, जिसके कारण वह दो छोटे बच्चों के साथ अकेले रह रही है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

