साहिबगंज : साक्षरता चौक के पास मेला में फायरिंग से मची अफरा-तफरी,खिलौने बेच रहे युवक को लगी गोली,गंभीर रूप से घायल
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत साक्षरता चौक के पास आयोजित यज्ञ मेला सोमवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। मध्य रात्रि करीब 12 बजे हुई इस हिंसक घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।अचानक हुई फायरिंग के बाद मेले में आए लोगों के बीच अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।आनन-फानन में घायल युवक को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।घायल युवक की पहचान चानन निवासी 19 वर्षीय शिव कुमार के रूप में हुई है। शिव पिछले कई दिनों से मेले में छोटी सी दुकान लगाकर खिलौने बेचकर अपना जीवनयापन कर रहा था।उसकी बहन फूलो देवी ने बताया कि वह रोज की तरह सोमवार को भी दिनभर दुकान पर था। रात करीब 12 बजे दुकान बढ़ाने के बाद वह वहीं बैठकर खाना खा रहा था, तभी अचानक एक गोली आकर उसके चेहरे की ठुड्डी में जा लगी। अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि गोली किसने और किस इरादे से चलाई।
सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में तैनात डॉ. मुकेश ने बताया कि गोली लगने के कारण युवक के जबड़े की हड्डी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।गोली चेहरे के संवेदनशील हिस्से में लगी है, जिससे रक्तस्राव अधिक हुआ है। डॉक्टर लगातार उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।
वारदात की सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह किसी आपसी रंजिश का नतीजा है या फिर हवाई फायरिंग की वजह से कोई दुर्घटना का परिणाम है। फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है,जिससे मेला क्षेत्र में रहने वाले अन्य दुकानदारों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

