सनसनी:धनबाद में महिला के सड़ते शव के साथ पांच दिन फ्लैट में रहे परिजन, पुलिस ने किया बरामद,जांच में जुटी पुलिस…
धनबाद। झारखण्ड के धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में कौआबांध स्थित वास्तु विहार के एक फ्लैट से रविवार की रात 40 वर्षीय एक महिला का सड़ा-गला शव पुलिस ने बरामद किया।महिला की मौत 5 दिन पहले होने की बात कही जा रही है।परिजन कई दिनों तक शव के साथ ही फ्लैट में रहे। मृतका की पहचान लिपिका कुमारी के रूप में की गई है।
वास्तु विहार सोसाइटी में सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है।इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू घर के भीतर पसरी वह खामोशी है, जिसमें एक मौत कई दिनों तक बाहरी दुनिया से छिपी रही। पुलिस के अनुसार, लिपिका कुमारी वर्ष 2022 से इस फ्लैट में अपने परिजनों के साथ रह रही थी।घटना के बाद से परिवार की भूमिका और चुप्पी दोनों ही जांच के दायरे में हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लिपिका कुमारी की मौत 8 अप्रैल को ही हो गई थी। बीमारी से मौत होने की बात कही जा रही है।बावजूद परिजनों ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही अंतिम संस्कार की कोई व्यवस्था की।बताया जा रहा है कि शव कई दिनों तक फ्लैट में ही पड़ा रहा और उसी घर में लोग आते-जाते रहे। फ्लैट से कई दिनों से हल्की बदबू आ रही थी, लेकिन आसपास के लोग इसे नजरअंदाज करते रहे।
रविवार शाम होते-होते दुर्गंध इतनी तेज हो गई कि लोगों को शक हुआ।रात में जब बदबू असहनीय हो गई, तब पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।परिजनों से पूछताछ जारी है और यह समझने की कोशिश की जा रही है कि आखिर मौत के बाद सूचना क्यों नहीं दी गई।
सूचना पर पहुंची गोविंदपुर थाना पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा खोलवाया, तो अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गई। महिला का शव बुरी तरह सड़ चुका था।पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया।

